गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को युवक ने छात्रा पर जबरन बातचीत करने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने छात्रा से बदसलूकी की। परेशान होकर छात्रा ने 1090 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर ली। हालांकि, युवक के पकड़े जाने के बाद युवती ने तहरीर देने से इन्कार कर दिया। मगर, पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सिंघड़िया निवासी दीपक मौर्या के रूप में हुई। वह मार्बल्स का काम करता है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक और युवती के बीच पिछले छह साल से दोस्ती थी। घरवालों के हस्तक्षेप के बाद युवती उससे बात नहीं करना चाहती है, लेकिन आरोपी मोबाइल फोन पर बात करने का दबाव बना रहा था।
इसे भी पढ़ें: अमर उजाला के 75 साल, ये हैं पाठकों की ओर से चुने गए गोरखपुर-बस्ती मंडल के 75 नायक
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली छात्रा सिंघड़िया के दीपक मौर्या से जान पहचान है। करीब छह साल से दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन परिजनों के समझाने के बाद युवती फोन पर बात करना बंद कर दी। मगर पिछले एक महीने से जबरन युवक उसके पीछे पड़ा था। उसे फोन पर बातचीत करने का दबाव बना रहा था।
सोमवार को छात्रा विश्वविद्यालय में क्लास करने आई थी। दोपहर दो बजे पीछा करते हुए युवक भी परिसर में पहुंच गया। विश्वविद्यालय गेट के पास छात्रा को रोककर बातचीत करने का दबाव बनाने लगा। परेशान छात्रा ने 1090 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना आते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को पकड़ लिया।
कैंट प्रभारी निरीक्षक रणधीर मिश्रा ने कहा कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि युवक और युवती पिछले छह साल से परिचित हैं। युवती ने लिखित शिकायत करने से इन्कार कर दिया, लेकिन आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।