सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थानाक्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर मंगलवार देर शाम सड़क पर बैठी गाय से एक बाइक सवार टकरा गया। हादसे में बाइक सवार युवक और गाय की मौत हो गई।
शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के खैरा बाजार गांव निवासी विजय कुमार (29) पुत्र बुद्धिराम बाइक से मंगलवार देर शाम निकला था। बताया जा रहा है कि शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के बढ़नी-शोहरतगढ़ मार्ग पर स्थिति तुलसियापुर चौराहे के पास पहुंचा ही था कि सड़क पर बैठी गाय से बाइक टकरा गई।
टक्कर इतना तेज था कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विजय गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसओ ढेबरुआ दिनेशचंद्र चौधरी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी इलाज के लिए पहुंचाया। जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस संबंध में एसएचओ ढेबरुआ दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।