गोरखपुर। हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) गैस उपभोक्ता इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। रसोई गैस की रिफिल कम होने के कारण ग्राहकों को सिलिंडर की डिलीवरी के लिए चार से पांच दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। जिन घरों में शादी का कार्यक्रम है, वहां स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई है। कई लोग मजबूरी में 1200 रुपये तक देकर ब्लैक में सिलिंडर खरीदने पर मजबूर हैं, जबकि कुछ उपभोक्ता दूसरे कंपनियों से सिलिंडर की व्यवस्था कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गीडा स्थित रिफिलिंग प्लांट में गैस की आवक बेहद कम हो गई है। बताया जा रहा है कि रसोई गैस की भराई के लिए एलपीजी बंगाल से मंगाई जा रही है लेकिन सप्लाई कम होने से रिफिलिंग की संख्या पर सीधा असर पड़ा है। सामान्य दिनों में जहां प्लांट पर प्रतिदिन करीब 100 ट्रक रिफिल होते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 20 ट्रक के आसपास रह गई है। जिले में एचपी गैस के एक लाख से अधिक उपभोक्ता हैं, जिनमें से अधिकांश सिलिंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। शुक्रवार को असुरन स्थित विभिन्न गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की नाराजगी साफ दिखी। एजेंसी कर्मियों ने बताया कि 1000 बुकिंग पर वे एक दिन में केवल 300-400 सिलिंडर ही दे पा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को दो दिन तक प्रतीक्षा करने या फिर सीधे गोदाम से सिलिंडर उठाने की सलाह दी गई। जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एचपी अधिकारियों से बातचीत की गई है। वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और सोमवार तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।