गोरखपुर जिले के सहजनवां इलाके के डुमरी गांव की प्रधान पूजा पांडेय के देवर धीरज पांडेय की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी सत्येंद्र राज उर्फ झीनक को बुधवार को जेल भेज दिया गया। आरोपी हत्या के बाद से ही फरार चल रहा था। इसे पकड़ने के चक्कर में ही सहजनवां पुलिस बिहार में बंधक बना ली गई थी। बिहार पुलिस ने गोरखपुर पुलिस को बदमाश समझकर पकड़ लिया था।
जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त की शाम को सहजनवां थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी धीरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चचेरे भाई व प्रधान पति विनोद पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने सत्येंद्र राज उर्फ झीनक, सर्वजीत राज, उसका पुत्र प्रभाकर वर्धन राज उर्फ नीटू व हर्षवर्धन राज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के बाद मुख्य आरोपी सत्येंद्र राज उर्फ झीनक राज के बिहार के मोतीहारी जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। सहजनवां थाना पुलिस ने वहां दबिश भी दी थी, लेकिन आदापुर थाने की पुलिस ने सहजनवां पुलिस को पकड़कर कई घंटे थाने में बिठाए रखा था।
सहजनवां पुलिस टीम को दोबारा सूचना मिली थी कि झीनक बिहार के सीतामढ़ी में है। सहजनवां और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार की रात सत्येंद्र को उठा लिया था। बुधवार को पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।