Maharajganj Honor Killikng: यूपी के महराजगंज में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। प्रेमी के साथ मिली बहन को भाइयों ने पीटकर मार डाला। आरोपियों ने प्रेमी को भी पीटा। उसे मरा समझकर छोड़ गए। होश आने पर प्रेमी ने घटना की जानकारी दी।
महराजगंज के पनियरा थाना इलाके में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेमी के साथ देखकर नाराज भाइयों ने बृहस्पतिवार रात अपनी ही 19 वर्षीय बहन की लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गोरखपुर ले जाकर जला दिया।
विज्ञापन
प्रेमी को भी बुरी तरफ पीटकर अधमरा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने प्रेमी के घरवालों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपी भाइयों को शनिवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात युवती से मिलने उसका प्रेमी रवि कुमार गुप्ता उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान बाहर से लौटे भाई ने दोनों को साथ देख लिया। गुस्से में उसने अपने दो अन्य भाइयों को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर दोनों को कमरे में बंद कर रॉड से ताबड़तोड़ वार किए।
विज्ञापन
इस बर्बर पिटाई में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुरी तरह घायल युवक किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। भाइयों ने उसका पीछा किया और उसके घर के पास जाकर उसे पीटा और मरा जानकर छोड़ भागे।
शव को चुपचाप जला डाला
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को छिपाने की पूरी साजिश रची। शुक्रवार सुबह युवती के शव को पिकअप में लादकर गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र स्थित सिसई घाट ले गए और चोरी-छिपे जला दिया। इतना ही नहीं, घर में पड़े खून के निशान मिटाने के लिए सफाई कराई और खून से सने कपड़ों को भी जला दिया।
युवक के परिजनों की तहरीर पर हुई कार्रवाई
युवक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की। मेडिकल कॉलेज में भर्ती रवि ने सारी बात होश में आने पर अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मारपीट की तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। चर्चा है कि जब पुलिस युवती की खोजबीन करने लगी तब मामला खुला।
आनन-फानन मौके पर पुलिस पहुंची। घटना की सूचना पर शनिवार को सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपी कमलेश और अमलेश निवासी भवानीपुर टोला अमहिया थाना पनियरा गिरफ्तार करने के साथ ही एक वहीं एक बाल अपचारी को भी पकड़ लिया है।