ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 51वीं एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 6ठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सात दिन का श्रद्धांजलि समारोह 31 अगस्त से छह सितंबर तक गोरखनाथ मंदिर में संपन्न होगा। साप्ताहिक श्रद्धांजलि समारोह के अंतर्गत सोमवार से 'श्रीराम कथा ज्ञान-यज्ञ' शरू हो जाएगा। उक्त बातें गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने कही।
पुजारी कमलनाथ ने कहा कि ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ ने धर्म, संस्कृति, शिक्षा, समाज एवं राष्ट्र के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बहुआयामी एवं लोक संग्रही व्यक्तित्व से अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज की थी।
योगी कमलनाथ ने बताया कि साप्ताहिक श्रद्धांजलि समारोह के अंतर्गत 31 अगस्त को उद्घाटन समारोह में 'श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का शुभारम्भ: भारत में एक नए युग का आरम्भ', 1 सितंबर को 'स्वच्छ भारत अभियान एवं हमारा स्वास्थ्य', 2 सितंबर को 'सामाजिक समरसता एवं सन्त समाज', 3 सितंबर को 'संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति', 4 सितंबर को 'भारतीय संस्कृति एवं गो-सेवा' विषय पर सम्मेलन संपन्न होंगे। 5 सितंबर को महंत दिग्विजयनाथ की तथा 6 सितंबर को महंत अवेद्यनाथ की श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी।
पुजारी कमलनाथ ने बताया है कि अयोध्या धाम से आए स्वामी राघवाचार्य द्वारा श्रीराम कथा होगी। यह मांगलिक अनुष्ठान गोरखनाथ मंदिर के फेसबुक पेज तथा यू-ट्यूब पर लाइव होगा। कोविड-19 के कारण इस वर्ष संपूर्ण आयोजन निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए सम्पन्न किया जाएगा।