गोरखपुर जिले के साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने वाले वैचारिक महाकुंभ गोरखपुर लिटरेरी फेस्टिवल का शुभारंभ शनिवार की सुबह 11 बजे बैंक रोड स्थित विवेक उत्सव लॉन में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान करेंगे।
11 वैचारिक विमर्श सत्रों, दो संगीत सत्रों, दो काव्य सत्रों और एक नाट्य सत्र के साथ आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में साहित्य, कला, संस्कृति, राजनीति, पत्रकारिता, रंगमंच और संगीत जगत की नामचीन हस्तियां शामिल होंगीं।
आयोजन समिति के डॉ. हर्षवर्धन राय व संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोकतंत्र और साहित्य विषयक उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के साथ मुख्य वक्ता प्रख्यात साहित्यकार मृदुला गर्ग, बतौर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार सिंह उपस्थित रहेंगे। इस सत्र की अध्यक्षता साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. विश्वनाथ प्रसाद तिवारी करेंगे।
दोपहर डेढ़ बजे से साहित्य में नॉस्टेल्जिया विषयक साहित्य सत्र में अनामिका, हृषिकेश सुलभ, प्रभात रंजन और चन्द्रशेखर वर्मा आदि साहित्यकार अपने विचार रखेंगे।
इसके बाद गोरखपुर के चमकते सितारे विषयक तीसरे सत्र में दोपहर तीन बजे से बॉलीवुड सिंगर बृजेश शांडिल्य, साहित्यकार बालेंदु द्विवेदी व बॉलीवुड सिंगर अविनाश नारायण रूबरू होंगे। शाम चार बजे शामे गजल में प्रख्यात गजल गायिका डॉ. प्रभा श्रीवास्तव सुरों की महफिल सजाएंगीं। शाम पांच बजे आयोजित पांचवे सत्र में साहित्यकार व लेखक हृषीकेश सुलभ के चर्चित उपन्यास दातापीर पर गीताश्री से वार्ता करेंगीं।
अचिन्त्य लाहिड़ी व शैवाल शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन की ढलती शाम दीप्ति नवल के साथ सिनेमा और साहित्य का सफरनामा विषय पर गुफ्तगू और देर शाम सात बजे से दर्पण तथा रंगमंडल की संयुक्त प्रस्तुति नाटक गूंज उठी शहनाई से पूरी होगी।