गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा थाना क्षेत्र के मोगलहा पेट्रोल पंप के सामने सोमवार सुबह 10 बजे गली में खेल रहे दो बच्चों को मैजिक (पिकअप) ने कुचल दिया। हादसे में आदर्श (8) की मौत हो गई, जबकि मन्नू उर्फ अनमोल (6) घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। इधर, देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन-मोहल्ले वालों ने शव को फोरलेन पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर सभी को शांत कराया।
सोमवार सुबह मोगलहा पेट्रोल पंप के सामने गली में सुदामा पासवान का पुत्र आदर्श और बलिराम चौधरी का पुत्र मन्नू उर्फ अनमोल खेल रहे थे। इसी दौरान पास में निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का सामान उतारकर लौट रहे मैजिक चालक ने दोनों बच्चों को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां आदर्श की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां रेखा ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
45 मिनट फोरलेन पर लगा रहा जाम
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर शाम आदर्श का शव घर पहुंचा तो परिजन और मोहल्ले के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने मोगलहा पेट्रोल पंप के सामने गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजन और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। करीब 45 मिनट फोरलेन पर जाम लगने से आवागमन बाधित रहा।
कोट
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मैजिक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- निमिष पाटील, एसपी सिटी