चौरीचौरा क्षेत्र का मामला, तरकुलहा में मुंडन कार्यक्रम के बाद घर लौटते समय हादसा
सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के तरकुलहा देवी स्थान पर सोमवार शाम दो बच्चों का मुंडन कराने के बाद घर लौट रहे श्रद्धालुओं की मैजिक (सवारी वाहन) करमहा ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से सीएचसी चौरीचौरा लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भडसर खास निवासी रामबेलास गोंड के नाती अरुण (4) और चांदनी (5) का तरकुलहा में मुंडन कार्यक्रम हुआ। परिवार के करीब 12 लोग मैजिक में सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक मैजिक करमहा ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में मैजिक में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों में रामबेलास गोंड (65), तेतरा देवी (60), अरुण (4), चांदनी (5), जनक नंदिनी (26), उर्मिला (30), राज (25), प्रतिमा (17) और चालक मुकेश (21) शामिल थे। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी चौरीचौरा पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार किया गया।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि हादसे का कारण वाहन चालक का अचानक नियंत्रण खो देना और ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।