- दीवान बाजार में हुआ कार्यक्रम, जियारत से पहले मिलाद का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब मुए मुकद्दस (पवित्र बाल) की जियारत सलातो सलाम के बीच रविवार को दीवान बाजार स्थित ख्वाजा नासिर अली के आवास पर हुई। हम्द व नात हाफिज आरिफ रजा मो. अरजान अत्तारी ने पेश की।
जियारत से पहले मिलाद हुआ, इसमें कारी मो. मोईनुद्दीन निजामी ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम ने दुनिया को इंसानियत और समता का संदेश दिया है। मुसलमान बुराइयों को छोड़कर अल्लाह व पैगंबर के बताए रास्ते पर अमल करें। शिक्षा के बगैर कोई भी कौम तरक्की नहीं कर सकती है। मुसलमानों को चाहिए कि वह बच्चों को शिक्षा जरूर दिलवाएं।
मो. फैजुल हक मारूफी ने अकीदतमंदों को मुए मुबारक की जियारत कराई। मुल्क में अमन, मोहब्बत व भाईचारे की दुआ मांगी गई व शीरीनी बांटी गई। इस दौरान अलीशान, आफाक, अरशद, शानू, नजमुल हक मारूफी आदि मौजूद रहे।
तकिया कवलदह में हुआ जलसा
फैजाने अशरफी नौजवान कमेटी की ओर से रविवार को तकिया कवलदह सूर्य विहार कॉलोनी स्थित सुब्हानिया जामा मस्जिद के पास जलसा हुआ। मुख्य वक्ता संतकबीरनगर के शहर काजी मुफ्ती अख्तर हुसैन अलीमी ने कहा कि पैगंबर साहब ने फरमाया है कि तुम्हारा अल्लाह एक है। लोगों की जान-माल और इज्जत का ख्याल रखना। अध्यक्षता करते हुए मौलाना जहांगीर अहमद अजीजी ने कहा कि कुरआन-ए-पाक अल्लाह का कलाम है। यह एक मात्र किताब है जो सारी किताबों की सरताज है। विशिष्ट वक्ता मौलाना मोहम्मद अहमद निजामी ने कहा कि पैगंबर साहब ने फरमाया कि अपने रब की इबादत करो। जलसे में सेराज अहमद, सैयद नदीम अहमद, तामीर अजीजी, मो. दारैन इस्माईली, अनस आदि मौजूद रहे।