उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार एक सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत हो गई। इसके बाद भी प्रशासन नहीं चेत रहा है। दूसरे राज्यों से लगातार प्रवासी अपने घरों को लौट रहे हैं।
बीते दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रवासी मजदूरों को पैदल न चलने की अपील की थी और प्रशासन से इसे पालन कराने को भी कहा था लेकिन उनके आदेश को भी अनदेखा किया जा रहा है।
बता दें कि गोरखपुर कुशीनगर बार्डर पर अब भी महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली आदि जगहों से लोग ट्रकों और मालवाहकों की छतों पर सवार होकर आते दिख रहे हैं।
सोशल डिस्टेंसिंग की भी अनदेखी की जा रही है, जिससे संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे वाहनों के चलते गोरखपुर के गीडा और चौरीचौरा क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग के हाईवे पर जाम लग रहा है।
रामपुर बुजुर्ग कुशीनगर बार्डर पर है। यहां बने चेकपोस्ट पर सुबह नौ से करीब 11 बजे तक पुलिस ने न तो कोई गाड़ी रोककर जांच की, न ही किसी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। पुलिस सहित अन्य विभागों के कर्मी टेंट में आराम करते दिखे।