लॉकडाउन में 42 दिन बाद सोमवार को शराब की दुकानें खुलीं तो खरीदने के लिए ग्राहकों में मारामारी की स्थिति हो गई। सिर्फ 6 घंटे में ही करीब छह करोड़ की शराब बिक गई। या यों कहें कि हर मिनट में 1.66 लाख की शराब बिकी।
इसको हम इस तरह भी कह सकते हैं कि अगर इस खबर को पढ़ने में आपको तीस सेकेंड लगे तो समझिए उतनी देर में 83310 रुपये की शराब बिक गई।
आम दिनों में जिले की 513 देशी, अंग्रेजी, बियर और मॉडल शॉप की दुकानों से 2 से 2.50 करोड़ की शराब बिकती है। आबकारी विभाग के अफसरों का कहना है कि बिक्री का वास्तविक आंकड़ा 1-2 दिन बाद ही पता चल सकेगा लेकिन ये जरूर है कि सामान्य दिनों से आज तीन गुना ज्यादा शराब बिकी।
सामान्य दिनों में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे बजे तक दुकान खुलने का समय है लेकिन लॉक डाउन के बीच डीएम ने सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही शराब की दुकानें खोलने की अनुमति दी है।