गोरखपुर के शाहपुर इलाके के लिटिल फ्लावर धर्मपुर के विद्यार्थियों से गुंडा टैक्स की मांग करने के आरोपी को शाहपुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है। इससे पहले भी वह पांच बार जेल जा चुका है।
नशे का इंजेक्शन न देने पर हॉस्पिटल में फायरिंग के आरोप में भी गिरफ्तार हुआ था। पकड़े गए आरोपी की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी मैनुद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके धर्मपुर में स्थित लिटिल फ्लावर में पढ़ने वाले दसवीं और 12वीं के छात्रों से पिछले कुछ दिनों से एक व्यक्ति गुंडा टैक्स मांग रहा था।
स्कूल की छुट्टी या फिर लंच टाइम में वह स्कूल के आसपास पहुंच जाता था। उसके पास तमंचा भी रहता था जिसे दिखाकर अक्सर छात्रों को धमकाता था। आरोपी ने ऐसे छात्रों की पहचान की थी, जो अच्छे परिवार से आते थे। पैसा दे सकते थे। पांच हजार से 20 हजार रुपये तक गुंडा टैक्स मांगता था।
छात्राओं से छेड़खानी की शिकायत मिली भी थी। आरोपी की धमकी और रास्ते में घेरकर पिटाई करने से तंग आकर कुछ छात्रों ने स्कूल के प्रिंसिपल से शिकायत की थी, जिसके बाद प्रिंसिपल ने शाहपुर थाने की पुलिस के साथ ही एसएसपी को भी प्रार्थनापत्र दिया था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।