घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण व छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग में बुधवार की देर रात पोल पर तार जोड़ने के लिए चढ़े एक प्राइवेट लाइनमैन की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे ही तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बसडीला पांडेय में कसया-तमकुही मार्ग शव रख कर सड़क जाम कर दिया। लगभग दो घंटे बाद एक्सईएन व थानाध्यक्ष ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को मनाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार की देर रात तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग में थाना क्षेत्र के ही बसडीला पांडेय निवासी मुन्ना सिंह (30 वर्ष) तार जोड़ने के लिए शट डाउन लेकर पोल पर चढ़ा था। तभी बिजली आपूर्ति चालू हो गई और वह करंट की चपेट में आ कर नीचे गिर गया। मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोग घटना के समय से ही विभागीय अधिकारियों को फोन करते रहे लेकिन किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सुबह पांच बजे से ही बसडीला पांडेय में कसया-तमकुही मार्ग पर शव रख सड़क जाम कर दिया।
उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अमरेश यादव, बसडीला पांडेय के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र पांडेय, भाजपा नेता प्रमोद पांडेय, शैलेन्द्र कुमार तिवारी, पवन सिंह, दीपक कुमार, राणा सिंह, जेपी मिश्रा, उपेन्द्र पांडेय आदि ने परिजनों को मुआवजा व मृतक के परिवार को नौकरी दिलाने की मांग की।
लगभग दो घंटे बाद तुर्कपट्टी एसओ ने पुलिस कर्मियों को भेज कर एक्सईएन को बुलवाया। एक्सईएन व थानाध्यक्ष ने अपने पास से 10-10 हजार रुपये की राहत राशि दिया। एसओ आनंद गुप्ता का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में एक्सईएन विद्युत एस के गुप्ता ने बताया कि घटना कैसे हुई यह जांच का विषय है। फिलहाल बिजली विभाग की तरफ से 10 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं विद्युत सुरक्षा निदेशालय के जांच के बाद पीड़ित परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।