-जिलाध्यक्ष शशिभूषण शाका के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा
गोरखपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष शशिभूषण शाका के नेतृत्व में पंत पार्क में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी रखी गई। हालांकि, जिस समय प्रदर्शन चल रहा था, उसी दौरान धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में परीक्षा और भर्ती व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक तथा छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
ज्ञापन में नीट पेपर लीक से संबंधित परिस्थितियों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने, पेपर लीक गिरोहों पर कठोर कार्रवाई करने और सरकारी भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं का शुल्क समाप्त करने की मांग की गई। साथ ही सभी रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्र गृह अथवा निकटवर्ती जनपद में बनाए जाने, नॉर्मलाइजेशन व्यवस्था समाप्त करने और परिणाम के साथ अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक करने की भी मांग की। प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।