गोरखपुर। एम्स गेट नंबर तीन के सामने रेस्टोरेंट में निवेश कर लाभ कमाने का झांसा देकर अधिवक्ता से 5.56 लाख रुपये लेने और 1.84 लाख रुपये वापस नहीं करने का मामला सामने आया है। रकम मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़ित ने गोरखनाथ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज के बृजमनगंज क्षेत्र निवासी अधिवक्ता संदीप कुमार त्रिपाठी वर्तमान में पुराना गोरखनाथ क्षेत्र में रहते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से 2024 तक वह नीरज जायसवाल के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। इसी दौरान नीरज, उनके चालक कृष्ण कुमार और चंदा देवी से परिचय हुआ। आरोप है कि तीनों ने संदीप को बताया कि वे एम्स गेट नंबर तीन के सामने डी ग्रेनरी नाम से रेस्टोरेंट संचालित करते हैं।
इसमें रुपये लगाने पर लाभ देने और जरूरत पड़ने पर मूलधन वापस करने का भरोसा दिया गया। परिचय और भरोसे के आधार पर संदीप ने दिसंबर 2024 से मई 2026 के बीच चंदा देवी और कृष्ण कुमार को अलग-अलग समय पर ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 5.56 लाख रुपये दिए।
अधिवक्ता के मुताबिक, आरोपियों ने इसमें से 3,71,210 रुपये वापस कर दिए लेकिन 1,84,850 रुपये अब तक नहीं लौटाए। उन्होंने जब शेष रकम की मांग की तो 13 जून को कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद संदीप ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।