एमजी इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता की ट्रॉफी के साथ विजेता टीम के खिलाड़ी व अन्य।
गोरखपुर। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित प्रथम स्व. प्रकाश नारायण श्रीवास्तव टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में एमजी राइजिंग स्टार ब्लू ने आरएस एकेडमी गोला को 96 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमजी राइजिंग स्टार ब्लू ने निर्धारित 20 ओवर में 194 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य ने 49 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली। सतीश ने 18 गेंदों पर 28 रन, शोहरत ने 16 तथा सुधांशु ने 18 रन का योगदान दिया। गोला की ओर से रोशन ने तीन विकेट लिए, जबकि गोलू और शिव को दो-दो सफलताएं मिलीं। 195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएस एकेडमी गोला की शुरुआत अच्छी नहीं रही। साहिल ने 13 और रोशन ने आठ रन बनाए। गोलू ने 19 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 16 ओवर में 98 रन पर सिमट गई। एमजी राइजिंग स्टार ब्लू ने मुकाबला 96 रन से अपने नाम कर लिया।
फाइनल में शानदार अर्धशतक लगाने वाले आदित्य को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए शिव को बेस्ट बॉलर, उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए साहिल को बेस्ट बैट्समैन और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सतीश को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैच शुरू होने से पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव और सेवानिवृत्त प्रवक्ता डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। समापन समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक मंकेश्वर नाथ पांडेय व संचालन कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. दीनबंधु शुक्ला, ओमप्रकाश सिंह, डॉ. राजेश श्रीवास्तव, शक्ति पांडेय आदि मौजूद रहे।