- खजनी थाना क्षेत्र के कटघर तिराहे के पास देर रात हादसा, वाहन छोड़कर चालक भागा
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के कटघर तिराहे के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार टाटा मैजिक मिनी लोडर की टक्कर से कल्याणपुर गांव निवासी राजन बेलदार उर्फ साधु (30) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी मिठाई की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
खजनी थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी राजन बेलदार उर्फ साधु क्षेत्र में मिठाई की दुकान चलाते थे। सोमवार रात वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। कटघर तिराहे के निकट कल्याणपुरा स्थित देसी शराब की दुकान के सामने पहुंचे ही थे कि गोरखपुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित मिनी लोडर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजन वाहन के नीचे आ गए और कुचलने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची खजनी पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे में शामिल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।