गोरखपुर के तेनुआ गांव के पास हाईटेंशन लाइन के टॉवर से मंगलवार को मजदूर प्रेम बेेलदार (45) का लटका शव मिला। मजदूर के गले में पत्नी की साड़ी का फंदा लगा था। घर से 300 मीटर की दूरी पर शव लटका था।
बताया जा रहा है कि मजदूर के हाथ पर दो लोगों का नाम लिखा था, जिसे परिवारिक सदस्यों ने मिटा दिया। लिहाजा, ग्रामीण घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। उनका कहना है कि शव जिस परिस्थिति में लटका मिला, वह संदेह पैदा कर रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेम बेलदार मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार रात पत्नी व बेटों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद प्रेम, पत्नी की साड़ी लेकर अपने झोपड़ी में सोने चला गया था। मंगलवार सुबह गांव वालों ने घर से कुछ दूर प्रेम का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद घरवालों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही घरवालों ने शव को फंदे से नीचे उतार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फंदे से लटक रहे मजदूर का एक हाथ पोल के एंगल पर टिका हुआ था। शरीर के ऊपरी हिस्से में कपड़ा नहीं था। एक नेकर पहना हुआ था।
पुलिस मान रही आत्महत्या
मृतक अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गया है। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे हैं। एक बेटी भी है। दो बेटों सुनील और विमलेश की शादी हो चुकी है। मजदूर दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई गब्बर ने पुलिस को सूचना दी। एसओ गीडा राहुल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हर बिंदु की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आएगा।
गोला में युवती ने की खुदकुशी
गोला इलाके के बारानगर में सोमवार देर रात एक युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। घरवाले युवती के आत्महत्या का कारण नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक गोला जयंत सिंह का कहना है कि घटना की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।