होली पर यात्रियों को राहत देने के लिए रेल प्रशासन ने दिल्ली और मुंबई के लिए छह स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की है। ये ट्रेन पांच मार्च से 14 मार्च के बीच चलाई जाएंगी। रेल प्रशासन ट्रेनों का शेड्यूल तैयार करने में जुट गया है।
होली में सभी रूटीन ट्रेनों में बर्थ बुक हो चुके हैं। वैशाली एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, एलटीटी एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस सहित दिल्ली और मुंबई जाने वाली सभी ट्रेनों में वेटिंग इतना ज्यादा है कि कंफर्म होने की गुंजाइश नहीं है। पूर्वोत्तर रेल प्रशासन ने छह होली स्पेशल चलाने की योजना बनाई है।
ये ट्रेन जिस जोन होकर गुजरेंगी, वहां पत्र लिखकर पाथ (रेल ट्रैक) का शेड्यूल क्लियर करने का अनुरोध किया गया है। इस महीने के अंत तक ट्रेनों की समय सारिणी तैयार होने की उम्मीद है। वहीं पंजाब रूट पर भी पहले एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना थी, लेकिन दूसरे जोन में पाथ की उपलब्धता नहीं होने के चलते ट्रेन चलने की संभावना खत्म हो गई है।
सीपीआरओ एनईआर पंकज कुमार सिंह ने कहा होली में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली और मुंबई रूट पर ट्रेनें चलाई जाएंगी। जल्द ही शेड्यूल तैयार कर लिया जाएगा।