जांच में पुलिस को पकड़े गए आरोपियों के साथ अजय लल्लू के फोटो सोशल मीडिया से मिल गए। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि अजय लल्लू की भूमिका संदिग्ध लग रही है। उनके खिलाफ जांच शुरू करा दी गई है। जेल भेजे गए आरोपियों के साथ उनका फोटो मिला है और उनको बचाने के लिए वे प्रयास कर रहे हैं। नोटिस जारी कर उनसे पूछताछ की जाएगी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय लल्लू ने कहा कि अभी उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है और न ही कोई ऐसी सूचना है। बिना नोटिस मिले कुछ कहना उचित नहीं होगा। पुलिस की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
तमकुहीराज निवासी सपा नेता रफी खान उर्फ बबलू खान और औरंगजेब समेत 10 आरोपियों को जाली नोटों, अवैध असलहे और बम बनाने की सामान के साथ पुलिस गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। इस गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस को बुधवार की भोर में पशु तस्कर के बिहार भागने की सूचना मिली। साइबर सेल समेत पुलिस की चार टीमें सेवरही थानाक्षेत्र के बनटोलिया आम के बगीचे में घेराबंदी कर वाहन चेकिंग में जुट गईं।
इस बीच एक बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने टार्च जलाकर रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसकी पहचान तरयासुजान थाना क्षेत्र के भूलिया अगरवा गांव निवासी मुस्तकिम के रूप में की। उसके पास से 30,000 रुपये के जाली नोट, दस हजार नकदी, एक तमंचा, बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की।
घायल मुस्तकिम काे पुलिस मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां उसका इलाज कराया गया। बाद में उसकी निशानदेही पर दो पशु भी बरामद किए गए।