उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खामपार क्षेत्र के पिपरा दक्षिण पट्टी गांव में मंगलवार की सुबह राशन लेने गए वृद्ध को कोटेदार और उसके परिवारवालों ने रॉड से पीटकर मार डाला। बचाने पहुंचे उसके दो बेटों को भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया।
खामपार पुलिस ने मृतक के बेटे प्रमोद यादव की तहरीर पर कोटेदार सहित छह लोगों पर हत्या व बलवा का केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है।
पारस यादव (60) पात्र गृहस्थी कार्ड लेकर तीन दिन से कोटेदार श्रीनिवास बरनवाल के यहां जा रहे थे। मंगलवार की सुबह वह बेटे प्रमोद और दिनेश के साथ पहुंचे तो कोटेदार ने राशन देने से मना कर दिया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी।
इस दौरान कोटेदार और उसके परिवारवालों ने पारसनाथ यादव, दिनेश और प्रमोद पर ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर हालत में पारस को भाटपाररानी पीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दिनेश का सिर भी फट गया।