एमएमएमयूटी में आयोजित हैकाथॉन की विजेता केआईपीएम की टीम। स्रोत-एमएमएमयूटी
- एमएमएमयूटी में राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन ''''''''हैकस्टॉर्म-2025'''''''' का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ''''''''हैक विद इंडिया एमएमएमयूटी चैप्टर'''''''' की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन ''''''''हैकस्टॉर्म-2025'''''''' का शनिवार को समापन हो गया। इसमें केआईपीएम की टीम विजेता रही। एमएमएमयूटी की टीमें क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
हैकाथॉन की विजेता टीम जीरो वन (केआईपीएमगीडा) को 25 हजार रुपये, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इस टीम में अभय उपाध्याय, दिव्या शनि, आर्यन मिश्र व अक्षय कुमार शामिल थे। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं टीमों को 15 व 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। दूसरे स्थान पर रही एमएमएमयूटी की टीम एथिकल कोडर्स में शिवम कुशवाहा, शाश्वत चौबे, शोएब अख्तर और ऋषभ तिवारी शामिल रहे। तृतीय स्थान पाने वाली एमएमएमयूटी की टीम हडल में सदस्य शुभी श्रीवास्तव एवं सृष्टि दीक्षित रहीं।
कंप्यूटर साइंस विभाग के अध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार, डॉ. रोहित कुमार तिवारी, हैक विद इंडिया : एमएमएमयूटी चैप्टर के अध्यक्ष रेहान अशरफ व उपाध्यक्ष सुयश शुक्ल के मार्गदर्शन में हैकाथॉन संपन्न हुआ। इसके पहले चरण में 600 से अधिक टीमों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें 2500 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। ऑनलाइन स्क्रीनिंग के बाद 50 श्रेष्ठ टीमों का चयन किया गया, जिनमें कुल 200 प्रतिभागी शामिल थे। इन टीमों के बीच शनिवार को ऑफलाइन फाइनल राउंड आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने वास्तविक समस्याओं पर आधारित नवाचारी तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।