राजघाट थाने से महराजगंज की महिला को जैसे ही पुलिस लेकर निकली, महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। एसएसपी से लेकर डीएम के पास जाकर पुलिस पर आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाने लगीं। उधर, महराजगंज में केस दर्ज होने की जानकारी के बाद पुलिस ने पांच महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि राजघाट पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर तीन लोगों पर केस दर्ज किया था। गिरफ्तारी की धारा न होने की वजह से पुलिस जांच कर रही थी। इस बीच महराजगंज से एक महिला को उठाकर कुछ महिलाएं राजघाट थाने लेकर चली आई थीं। उनके खिलाफ महराजगंज में अपहरण का केस दर्ज है।
महराजगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि राय ने कहा कि सोमवार रात एक महिला का अपहरण किया गया था। जानकारी होते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और पीड़ित महिला को गोरखपुर से बरामद कर लिया गया है। आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है।
महराजगंज शहर के जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के सामने से सोमवार दोपहर में चारपहिया वाहन से कुछ लोगों ने एलएलबी की छात्रा का अपहरण कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर मंगलवार को आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
कोतवाल रवि कुमार राय ने बताया कि कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र निवासी छात्रा के पिता ने तहरीर में बताया है कि उनकी बेटी सोमवार को कॉलेज में एलएलबी पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा देने गई थी। दोपहर में बाहर निकली, तो कुछ लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठा लिया और फरार हो गए। कॉलेज के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद है।
छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रीति शर्मा निवासी घासीकटरा मिर्जापुर, नेहा गुप्ता निवासी लालडिग्गी राजघाट गोरखपुर, सारिका विश्वकर्मा निवासी मिर्जापुर गोंडीयाना राजघाट, पुष्पलता जायसवाल निवासी जाफरा बाजार गोरखपुर, नासिर सिद्दीकी निवासी निचलौल, अमृता तिवारी निवासी गांधीनगर नौतनवां, अमृता जायसवाल और डिंपल निवासी नौतनवां के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।