रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की मुस्तैदी और सूझबूझ से एक अपहृत बालक को बचाया गया तो लावारिस हाल में मिले दो किशोरों को चाइल्ड हेल्प लाइन के सुपुर्द किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल पूर्वोत्तर रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि 29 जून को राजकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट छपरा को 29 जून को सूचना मिली कि एक 12 वर्षीय बालक का अपहरण कर लिया गया है। बालक को ट्रेन संख्या 05909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ जंक्शन में बैठाकर दिल्ली ले जाया जा रहा है।
इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने चलती ट्रेन में बालक की तलाशी शुरू कर दी। छपरा और सीवान स्टेशनों के बीच अपहृत बच्चे को बरामद कर लिया गया और अपहर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
30 जून को आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर स्टाफ को गश्त के दौरान 13 वर्ष आयु के दो किशोर लावारिस हालत में मिले। उन दोनों बच्चों को चाइल्ड हेल्प लाइन के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गोंडा एवं अपराध आसूचना शाखा, गोंडा के स्टाफ ने ध्रुव इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टेशन रोड, गोंडा की दुकान से 28 अदद अवैध ई-टिकट के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।