जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि मोहल्लों में जाकर टीम सर्वे पूरा करेगी। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। स्थानीय लोग जीडीए टीम का सहयोग करें। सभी के हितों का ध्यान रखते हुए कार्रवाई प्रारंभ की गई है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
गोरखपुर जिले में खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए अधिग्रहित क्षेत्र में सोमवार को जीडीए की टीम ने सर्वे शुरू कर दिया। इससे लोगों को उम्मीद है कि अब उनके घर नहीं टूटेंगे। जीडीए अफसरों के मुताबिक, सर्वे पूरा करने के बाद मकानों को चिह्नित कर चहारदीवारी चलाई जाएगी।
विज्ञापन
पहले दिन तहसीलदार की अगुवाई में एक टीम के सदस्यों ने मकानों और जमीनों की जानकारी ली। वीडियो, फोटोग्राफी करते हुए सभी का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को चारों टीमें क्षेत्र में जाएंगी। जल्द ही सर्वे पूराकर इसकी रिपोर्ट सीएम को सौंप दी जाएगी।
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए जीडीए ने खोराबार, जंगल सिकरी के सैनिक नगर कॉलोनी में जमीन का अधिग्रहण किया है। सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व वाली एक टीम सेक्टर एक में पहुंची।
विज्ञापन
जीडीए के तहसीलदार रामभेज, कानूनगो विजय बहादुर सिंह और लेखपाल रामदवन सिंह ने दोपहर 12 बजे से सर्वे शुरू किया। दोपहर तीन बजे तक टीम ने करीब 80 मकानों का ब्योरा तैयार किया। इस दौरान टीम ने कहां पर किस तरह का मकान है, किसका टीनशेड और झोपड़ी का मकान है, कहां पर कितनी खाली जगह है, कहां चहारदीवारी बनी है, इसकी जानकारी जुटाई।
इसकी जानकारी लेते हुए सर्वे में रामबदन, रामप्रकाश तिवारी, रामनयन, सीमा सिंह, राजेश निषाद, तबरेज खान, शीला पांडेय, अरविंद कुमार, छाया देवी, सरोज देवी समेत अन्य का नाम रजिस्टर में दर्ज किया। टीम ने वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की। सूची के अनुसार रकबा और नाम का मिलान करते हुए टीम ने कार्रवाई पूरी की।
मोहल्ले के लोगों की तरफ से टीम में जयप्रकाश मिश्रा, मणिकांत शाही, विकास पांडेय, अविनाश त्रिपाठी एवं शशिभूषण आदि शामिल रहे। दोपहर 03.10 बजे तक डोर टू डोर सर्वे करने के बाद टीम लौट गई। टीम का नेतृत्व कर रहे तहसीलदार ने बताया कि एक आवश्यक बैठक की वजह से एसडीएम और अन्य टीम प्रभारी नहीं आ सके। कल से विधिवत सर्वे किया जाएगा।
टीम के सदस्य पहुंचे हैं। यहां पर पहले से सबसे बातचीत करके जानकारी ली है। इसके बाद सर्वे का काम शुरू हुआ। इससे हम लोगों में खुशी है।-राम प्रकाश तिवारी।
हम लोग शुरू से इसकी मांग करते चले आ रहे हैं। आज ऐसा लगा कि जीडीए अधिकारी हम लोगों के साथ हैं। उम्मीद है कि हम लोगों को पूरी राहत मिल सकेगी। -श्रीकृष्णा मिश्रा।
हर घर और जमीन की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। स्थानीय लोग भी साथ हैं। इससे पूरी पारदर्शिता रहेगी। -बृजेश राय।
सर्वे का काम पूरा होने के बाद चहारदीवारी बनाने की आश्वासन जीडीए उपाध्यक्ष दिया है। इससे हम लोगों के मकान सुरक्षित हो जाएंगे। इस काम में हम लोग जीडीए का पूरा सहयोग करेंगे। -मणिकांत शाही
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि मोहल्लों में जाकर टीम सर्वे पूरा करेगी। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। स्थानीय लोग जीडीए टीम का सहयोग करें। सभी के हितों का ध्यान रखते हुए कार्रवाई प्रारंभ की गई है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।