गोरखनाथ मंदिर में चल रहे खिचड़ी मेले में श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
दो दिन से खिली धूप का असर गोरखनाथ मंदिर में चल रहे खिचड़ी मेले पर भी दिखा। बृहस्पतिवार की सुबह से ही हर तरफ श्रद्धालु नजर आ रहे थे। महिलाएं पुरुष लाइन से गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ा रहे थे।
वहीं बहुत से लोग परम्परागत लड्डू का प्रसाद और माला चढ़ा रहे थे। हर तरफ युवा युवती तथा परिवार सहित आए लोग जगह जगह सेल्फी लेते नजर आए। इसी तरह से मेला में लगे स्टालों पर खरीदारों की भीड़ नजर आई।
पिछले कई दिनो तक बारिश और ठंढ की वजह से मेले की रौनक गायब हो गई थी। जो लोग बहुत जरूरी समझते थे या जिनको शहर आना था वह गोरखनाथ मंदिर भी आते थे और खिचड़ी प्रसाद चढ़ाते थे।
दो दिन से तेज धूप के कारण मेले की रौनक काफी बढ़ गई है। भीड़ का आलम यह था कि शहर की तरफ से वाहन से जाने वालों को गोरखनाथ ओवरब्रिज पर उतरने के बाद घंटा भर जाम में फंसना पड़ाता था।
मंदिर के प्रवेश द्वार से ही भारी भीड़ का नजारा दिख रहा है। भीड़ इस कदर थी जैसे बुढ़वा मंगल आज ही है। इसके अलावा जहां भी दुकानें लगी हैं वहां हर दुकान पर खरीदारों की भीड़ नजर आई।
मंदिर में चारो तरफ से लोग घूमते नजर आए। झूला चर्खी, मौत का कुंआ सहित अन्य जितने भी मनोरंजन के साधन मेले में आए हैं वहां भीड़ नजर आई। ठंढ में चर्खी पर चढ़ने से जहां परहेज किया जाता था वहां पर भी लोग झूलते आए।