खाद कारखाने का निरीक्षण करते पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला।
गोरखपुर खाद कारखाना: फरवरी 2021 में शुरू हो जाएगा उत्पादन
गोरखपुर। पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व राज्य सभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को खाद कारखाना के निर्माण कार्यों की समीक्षा के साथ ही निरीक्षण भी किया। इस दौरान हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के सीनियर वाईस प्रेसिडेंट वीके दीक्षित ने बताया कि फरवरी 2021 में कारखाने से उत्पादन शुरू हो जाएगा। बताया कि प्रिलिंग टॉवर का निर्माण पूरा हो चुका है। चिलुआताल में वॉटर बॉडी सुरक्षित करने के साथ ड्रेनेज आदि का काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि ज्यादातर मशीनें आ गई हैं। कुछ मशीनें सड़क मार्ग तो कुछ जल मार्ग से मंगाई जा रही हैं। मशीनों का आकार बड़ा होने की वजह से उन्हें लाने में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। बड़ी मशीनों को लाने वाले वाहन ज्यादातर रात में चलते हैं। वहीं छपरा तक जल मार्ग से आने वाली चार मशीनें पानी कम होने की वजह से रास्ते में फंस गई हैं। उन्हें निकाला जा रहा है। पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि यह केंद्र और प्रदेश सरकार का बहुत ही महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। सुनिश्चित किया जाए कि इसका काम समय से पूरा हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी तरह की दिक्कत आने पर एचयूआरएल को जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। इस दौरान डीजीएम पीएन गौर, सीनियर मैनेजर सुबोध दीक्षित, एस नायक व चीफ मैनेजर आरएस लाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।