केंद्रीय विद्यालयों की कक्षा एक में प्रवेश की पहली मेरिट लिस्ट बुधवार यानी आज जारी होगी। दूसरी और तीसरी प्रॉविजनल लिस्ट 30 जून को जारी की जाएगी। इसके बाद अगर सीटें खाली रह जाती हैं तो पांच जुलाई को तीसरी सूची जारी होगी। केवीएस की ओर से प्रवेश का कार्यक्रम अधिकारिक पोर्टल kvsangathan.nic.in पर जारी किया गया है।
केंद्रीय विद्यालय के कक्षा एक की प्रॉविजनल लिस्ट पहले 23 अप्रैल को घोषित होनी थी, लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए सूची को टाल दिया गया था। जिले के केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स में 160 और केवी फर्टिलाइजर में 120 सीटों पर प्रवेश होना है। पहली वरीयता आरटीई या शिक्षा का अधिकार कोटा के तहत आने वाले छात्रों को दी जाएगी।
इसके अलावा, संगठन ने कक्षा दो में प्रवेश के लिए संशोधित कार्यक्रम भी जारी किया है। दूसरी कक्षा की सूची की घोषणा 24 जून को होगी। इस कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया 25 जून से 30 जून तक आयोजित की जाएगी।
केवीएस प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए छात्र-छात्राओं के अभिभावक केवीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। केवीएस की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक आरटीई, एससी, एसटी और ओबीसी श्रेणी में सीटें खाली रह जाती हैं तो उन सीटों पर छात्र आठ जुलाई से ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अनुसार प्रवेश की तारीख अगर किसी सार्वजनिक अवकाश के दिन पड़ती है तो अगले वर्किंग डे को एडमिशन के लिए ओपनिंग या क्लोजिंग डेट मान लिया जाएगा।