गोरखपुर। जिले के टॉप-10 बदमाश कमलेश यादव और उसके साथी दीनानाथ प्रजापति का एक और कारनामा बुधवार को सामने आया। बिहार के गोपालगंज से बुधवार को आईं दो बहनें किरन और सुमन ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि कमलेश और दीनानाथ ने धोखे से उन्हें सीलिंग की जमीन बेचकर 43.75 लाख रुपये हड़प लिए। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने शिकायत की जांच कर केस दर्ज करने का आदेश दिया है।
अभी दो दिन पहले सोमवार को दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी कर सीलिंग की जमीन बेचने के आरोप में एम्स थाने में केस दर्ज किया गया है।
बिहार के गोपालगंज जिले के विनोद मटिहनिया की रहने वाली सुमन देवी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में आवासीय भूमि की जरूरत थी। इसके लिए बहरामपुर निवासी कमलेश यादव और कुसम्ही के दीनानाथ प्रजापति से संपर्क किया। दोनों ने कुसम्ही के शीतला आईटीआई के पास गाटा संख्या 624 वाली जमीन दिखाई, जो पसंद आ गई। 1750 वर्ग फीट जमीन का सौदा 43.75 लाख में तय हुआ।
15 लाख रुपये और हो गए खर्च
सुमन ने बताया कि 43.75 लाख की जमीन का दोनों ने टैक्स बचाने का लालच देकर स्टांप में केवल 10 लाख रुपये दर्शाए। बाकी का रुपये नकद ले लिए। रुपये पाने के बाद दोनों ने अपनी पत्नियों से जमीन की रजिस्ट्री कराई। दोनों ने बताया कि जमीन साफ-सुथरी सीलिंग मुक्त है। दोनों के कहने पर ही रजिस्ट्री के बाद जमीन पर 10 फीट तक मकान की चहारदीवारी चलवा दी गई। मिट्टी भरवाकर, बाहर गेट भी लगवाया गया। इसमें भी करीब 15 लाख रुपये लग गए।