खोराबार के बाद नगर निगम अब मोहद्दीपुर, सुभाष चंद्र बोस नगर और गुलरिहा में भी कल्याण मंडपम बनाएगा। नगर विकास विभाग ने इनके निर्माण का जिम्मा कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को सौंपा है। तीनों कल्याण मंडपम की अनुमानित लागत करीब सात करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल इसके लिए मोहद्दीपुर में 1500 वर्ग फीट जमीन की तलाश की जा रही है। खोराबार में बन रहे कल्याण मंडपम की तुलना में इनके आकार छोटे होंगे।
शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए महानगर में जगह की दिक्कत होती है। बड़े मैरिज हाॅल और लाॅन में ज्यादा रुपये खर्च होने के कारण जरूरतमंदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्हें मजबूरन विद्यालयों या सड़क पर ही विवाह या अन्य आयोजनों को करना पड़ता है। पिछले दिनों गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल से कल्याण मंडपम का प्रस्ताव बनाने को कहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि महानगर में जगह की कमी के कारण लोगों को सड़क पर टेंट लगाकर मांगलिक आयोजन करने पड़ते हैं। इससे दिक्कत होती है। इसके बाद नगर आयुक्त ने खोराबार के सूबा बाजार की जमीन तलाशने के बाद वहां निर्माण शुरू करवा दिया।