गोरखपुर। जुबिली चौराहे पर बारिश के चलते नाली ओवरफ्लो होने से सड़क पर जलभराव हो गया है। इसके चलते आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने बताया कि नाली जाम होने के चलते पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है। नगर निगम की ओर से पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है।
विरासत गलियारा निर्माण के तहत जुबिली चौराहे से लेकर अलीनगर चौराहे तक नाला निर्माण, जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने और सड़क बनाने का कार्य चल रहा है। वहीं, बुधवार शाम करीब छह बजे के आसपास बारिश हुई, जिससे सड़क पर पानी बहने लगा। दुकानदार अशोक पांडेय ने बताया कि दो सप्ताह से नाली ओवरफ्लो हो रही है। पहले कम बहाव के कारण लोग ध्यान नहीं दे रहे थे। जब समस्या बढ़ी तो सबको दिखाई दे रहा है। दुकानदार दुर्गेश कुमार ने बताया कि लगभग तीन महीने से नाली की सफाई नहीं हुई है, इस वजह से अवरोध बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पार्षद से बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे शिकायत की गई है।
उधर, नगर निगम के कर्मचारियों ने शाम चार बजे पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालना शुरू किया। वहीं, अलीनगर थवई पुल के पास सड़क पर कीचड़ फैलने से फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है।