फर्जी नियुक्ति पत्र देकर कराया जॉइनिंग, तीन महीने की ट्रेनिंग भी दिलवा दी
भगवानपुर (गोरखपुर)। कुशीनगर के एक जालसाज ने न्यायालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से करीब 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र देकर जॉइनिंग भी कराई और तीन महीने तक ट्रेनिंग के नाम पर भ्रमित करता रहा। बाद में नौकरी को फर्जी बताते हुए युवक को निकाल दिया गया। विरोध करने पर धमकी दिए जाने के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड नंबर पांच तिघरा निवासी विजय पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मुलाकात पीपीगंज निवासी अमित रंजन के जरिये कुशीनगर के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के अंधारीबाग निवासी संतोष कुमार गौतम से हुई थी। संतोष ने खुद को न्यायालय में नौकरी लगवाने में सक्षम बताते हुए इसके एवज में बड़ी रकम की मांग की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर उन्होंने दिसंबर 2023 से 2024 के बीच एचडीएफसी बैंक खाते और फोन-पे के माध्यम से नौ लाख 48 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 50 हजार रुपये नकद भी दिए। इस दौरान आरोपी लगातार भरोसा दिलाता रहा और बायोडाटा, फोटो व शैक्षिक प्रमाणपत्र भी ले लिए।
इसके बाद आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र और आईकार्ड भेजकर उन्हें प्रयागराज हाईकोर्ट में जॉइन कराने का दावा किया। वहां से कैसरबाग स्थित कोर्ट में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया, जहां करीब तीन महीने तक ट्रेनिंग कराई गई। बाद में गोमतीनगर स्थित हाईकोर्ट खंडपीठ में तैनाती के नाम पर भेजा गया, लेकिन तीन दिन बाद यह कहकर निकाल दिया गया कि नियुक्ति पत्र फर्जी है।
पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पहले टालमटोल किया और बाद में धमकी देने लगा। मामले में सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।