- 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में तय हुए फाइनलिस्ट, बृहस्पतिवार को होंगे खिताबी मुकाबले
- समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विजेताओं को करेंगे पुरस्कृत
गोरखपुर। रामगढ़ताल में मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में बालक क्वाड्रुपल स्कल के सेमीफाइनल में 06:30.8 का समय निकालकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में हरियाणा, मध्य प्रदेश और आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 4-4 वर्गों में शीर्ष 2 स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। इसके अलावा केरल और ओडिशा ने 3-3 वर्गों के फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
बुधवार को 17 रेपेचेज और 16 सेमीफाइनल समेत कुल 33 रेस आयोजित की गई। सेमीफाइनल में शीर्ष दो स्थान पाने वाली टीमों ने फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। बालक क्वाड्रुपल स्कल के सेमीफाइनल में यूपी के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव व प्रवीण कुमार की चौकड़ी ने 06:30.8 का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। इस रेस में केरल के गौतम, आगस्टिन, तलवार सिंह व एचएम नायर की टीम 06:26.5 के समय के साथ पहले स्थान पर रही। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के अर्णव रावत, दिलशाद खान, प्रथमेश व गगनदीप सिंह ने 06:37.8 के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ओडिशा के अथर्व विलास राउत, आयुष, अविराज व तेजबीर सिंह की टीम 06:38.1 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही।
बालक सिंगल स्कल के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा के सक्षम 07:53.8 के समय के साथ पहले व मध्य प्रदेश के कार्तिक 08:24.5 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। यूपी के मोहन महेश ने साहसिक खेल दिखाया लेकिन 09:01.3 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए बाहर हो गए।
दूसरे सेमीफाइनल में आसाम के फरहान अली पहले व झारखंड के शुकलाल टूडू 08:09.7 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचे। बालिका क्वाड्रुपल स्कल के पहले सेमीफाइनल में केरल की अनालिया विल्सन, विनोज, एंजल मैरी थामस, हरिप्रिया विनेश शीर्ष पर रही। पंजाब की गगनदीप कौर, जैनम रानी, सिमरनजीत कौर, गगनप्रीत कौर ने दूसरा स्थान हासिल किया। दूसरे सेमीफाइनल में ओडिशा की शिवानी, स्मृति इक्का, प्रतिज्ञा जेना व रितुरानी पहले एवं आरएफआई हिमाचल की अनामिका ठाकुर, तनिष्का ठाकुर, अर्चिता नेगी व श्रेया ठाकुर दूसरे स्थान पर रहीं।
बालिका डबल स्कल के पहले सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश की वंशिका साहू व प्रियंका 08:38.1 के समय के साथ पहले व केरल की बिंची बीनू व श्रीदेवी राजेश 08:58.0 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचीं। दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र की शिवरानी कटेरिया व आरुषी बरार शीर्ष पर रहीं जबकि मणिपुर की एल रोशबिना देवी व स्वेयिया हैसनाम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
बालक काक्सलेस पेयर्स के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा के नितिन व करन ने पहला स्थान हासिल किया जबकि आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के नितिन कुमार व जसवंत सिंह दूसरे स्थान पर रहे। दूसरे सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश के अयान यादव व अनुराग वर्मा पहले स्थान पर रहे जबकि झारखंड के रवि मुर्म व प्रदीप कुमार महतो ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालक डबल स्कल के पहले सेमीफाइनल में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के राजन व प्रतीक निषाद पहले व मध्य प्रदेश के ऋषभ व तनीश दूसरे स्थान पर रहे। दूसरे सेमीफाइनल में चंडीगढ़ के युवराज व गुरमानवीर को पहला व पंजाब के भवदीप व हरजिंदर को दूसरा स्थान मिला।
बालिका सिंगल स्कल के पहले सेमीफाइनल में ओडिशा की नेहा पहले व महाराष्ट्र की इश्वरी दूसरे स्थान पर रहीं। दूसरे सेमीफाइनल में मणिपुर की हुदीरोम चानू को पहला व मध्य प्रदेश की संतोष यादव को दूसरा स्थान मिला। बालक काक्सलेस फोर्स के पहले सेमीफाइनल में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी पहले व मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। वहीं इस वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में हरियाणा को पहला व पश्चिम बंगाल को दूसरा स्थान मिला।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बालाजी मरादप्पा ने बताया कि चैंपियनशिप में फाइनल मुकाबलों की शुरुआत बृहस्पतिवार की सुबह 7:30 बजे से होगी जबकि समापन व पुरस्कार वितरण समारोह शाम पांच बजे आयोजित होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। सीएम विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी, चीफ ज्यूरी तेजस शिंदे, रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह, सचिव सुधीर शर्मा आदि मौजूद रहे।
...................
मैच के दौरान पलटी बोट
46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के दौरान बुधवार को सिंगल स्कल के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जा रहे थे। इस दौरान प्रतिद्वंद्वी से आगे निकलने की होड़ में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के खिलाड़ी की बोट रामगढ़ताल में पलट गई। बोट के ताल में पलटते ही बचाव टीम मौके पर पहुंच गई और खिलाड़ी का बाहर निकाला। उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि रेस के दौरान आगे निकलने की होड़ में बोट पलटना सामान्य बात है। बाहर निकलने के लिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।