गोरखपुर। नौसड़ से खलीलाबाद जाने के लिए मैजिक में सवार महिला के बैग से करीब 10 लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए। आरोप है कि चालक और उसके साथियों ने तेल टंकी फटने का शोर मचाकर महिला को गाड़ी से उतरने पर मजबूर कर दिया। इसी दौरान बैग से जेवर निकालकर आरोपी फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर गीडा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांसगांव थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी उमेदी देवी पत्नी दीनानाथ मौर्य 14 अक्तूबर को नौसड़ से खलीलाबाद जाने के लिए मैजिक में बैठी थीं। आरोप है कि गीडा क्षेत्र में आईटीएम कॉलेज के पास सुनसान जगह पर चालक के साथियों ने तेल टंकी फटने का शोर मचाया। घबराकर वह गाड़ी से उतरकर दूर चली गईं। इसी दौरान आरोपियों ने उनके बैग से जेवर निकाल लिए और खाली बैग सड़क पर फेंककर भाग गए। घर पहुंचने पर बैग खोलने से चोरी की जानकारी हुई। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।