- पानी के लिए परेशान रहे कई मोहल्लों के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। हुमायूंपुर चौराहे पर लोक निर्माण विभाग की ओर से शुक्रवार देर रात सड़क पर गिट्टी भराई के दौरान जेसीबी से जलकल की मुख्य पेयजल पाइपलाइन टूट गई। इससे कई मोहल्लों की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। छोटी दिवाली की सुबह पानी न मिलने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
लोगों ने इसकी शिकायत पूर्व उपसभापति व पार्षद ऋषि मोहन वर्मा से की। पार्षद ने बताया कि मुख्य पाइपलाइन टूटने से हुमायूंपुर उत्तरी, लाजपतनगर, हड़हवा फाटक, कुम्हार टोली, कबीरनगर, जटेपुर (उत्तरी) मुख्य मार्ग और मंशाबाग समेत आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। ढाई सौ से अधिक परिवार इससे प्रभावित हुए। पार्षद ने मामले की सूचना जलकल विभाग के अवर अभियंता सूर्यसेन मल्ल को दी। सूचना पर जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य कराया गया। दिन में करीब 11:30 बजे पाइपलाइन दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।