गोरखपुर। त्योहारों के दौरान बाजार में बढ़ती भीड़ के बीच सड़क और फुटपाथ खाली रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम ने प्रतिबंधित पॉलीथीन और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एक अक्तूबर से छह नवंबर तक चलाए गए अभियान में प्रवर्तन दल ने 48 किलो 400 ग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त की। इस दौरान पॉलीथीन के इस्तेमाल पर 8,800 रुपये और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25,540 रुपये जुर्माना वसूला गया। दोनों अभियानों से नगर निगम को कुल 34,340 रुपये जुर्माना मिला। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में दुकानदारों और पटरी व्यवसायियों की ओर से सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाने से आवागमन प्रभावित होता है। इसे देखते हुए प्रवर्तन दल को नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिबंधित पॉलीथीन के इस्तेमाल और बिक्री पर भी निगरानी रखी जा रही है।