गेहूं की बिक्री के लिए जरूरी पंजीकरण कराने में अब किसानों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसी तरह बैनामा कराने वालों को खतौनी हासिल करने के लिए माथापच्ची से राहत मिलेगी। इन तमाम तरह की दिक्कतों को देखते हुए डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने जन सेवा केंद्रों को कुछ शर्तों और सतर्कता के साथ आज से सुबह 9.30 बजे से शाम पांच बजे तक खोलने की अनुमति दी है।
जन सेवा केंद्रों के खुल जाने से जरूरतमंदों को आधार से रुपये भी मिल जाएंगे। ई-डिस्ट्रिक्ट प्रभारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि सभी जन सेवा केंद्रों के बाहर कोविड- 19 से जागरूकता संबंधी बैनर-पोस्टर लगाने होंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना होगा। मास्क या गमछे से मुंह बांधना जरूरी होगा।
किसी भी केंद्र पर एक समय में पांच से अधिक लोग एकत्रित नहीं रहेंगे। केंद्रों पर आने वाले लोगों के लिए सैनिटाइजर या फिर हाथ धोने के लिए साबुन-पानी का इतंजाम रखना होगा। सभी संचालकों को खुद आरोग्य सेतु एप इंस्टाल करने के साथ ही दूसरों को भी इंस्टाल कराने के लिए प्रेरित करना होगा।