- विजय चौक-सिनेमा रोड पर जलभराव रोकने के लिए आधुनिक जल निकासी व्यवस्था की मांग
- असुरन के 70 दुकानदारों के पुनर्वास और विरासत गलियारे में शौचालय निर्माण का मुद्दा भी उठा
गोरखपुर। शासन के निर्देश पर मंगलवार को विकास भवन सभागार में डीएम दीपक मीणा की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की मासिक बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने शहर में जलभराव, जाम, सड़क निर्माण, शौचालय, बिजली के तार और दुकानों के पुनर्वास सहित कई समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
संयुक्त व्यापार मंडल के संयोजक रमेश चंद्र गुप्ता ने असुरन चौराहे के चौड़ीकरण की जद में वर्ष 2023 में आए करीब 70 दुकानदारों के पुनर्वास का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तत्कालीन रेल मंत्री व सांसद रवि किशन के आश्वासन के बावजूद अब तक दुकानदारों का पुनर्वास नहीं हो सका है। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर समाधान की दिशा में पहल का आश्वासन दिया।
संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल ने विजय चौक और सिनेमा रोड पर जलभराव रोकने के लिए प्रस्तावित सड़क ऊंची करने की योजना पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे सड़क का पानी दुकानों में जाने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने आधुनिक तकनीक से भूमिगत टनल बनाकर पानी एकत्र करने और उसे भूजल में पहुंचाने की व्यवस्था का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री स्तर पर संबंधित विभागों के साथ बैठक हो चुकी है और निर्देश दिए गए हैं कि इन स्थानों पर बारिश में जलभराव नहीं होना चाहिए।
रुस्तमपुर व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित टिबरेवाल ने रुस्तमपुर में शौचालय नहीं होने की शिकायत दोबारा उठाई। गौरी शंकर सरावगी की ओर से खोवा मंडी, काली मंदिर गली और गांधी गली में दुकानों को तोड़कर चौड़ा करने की बात रखी। डीएम ने व्यापारियों के साथ स्थान चिन्हित कर शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। विरासत गलियारा क्षेत्र में पांच शौचालयों के लिए स्थान भी चिन्हित किए गए।
वहीं अन्य व्यापारियों ने चटोरी गली का रास्ता नहीं खुलने, तरंग फ्लाईओवर के काम की गुणवत्ता, जबकि अन्य व्यापारियों ने राप्ती कॉम्प्लेक्स में लटकते विद्युत तार, तरंग ओवरब्रिज के पास ठेले-खोमचे, किराना मंडी में कूड़ा डाले जाने, रेती रोड पर जाम और खोवा मंडी, काली मंदिर गली व गांधी गली को चौड़ा करने की मांग उठाई। लालडिग्गी पार्क के संपवेल को स्वचालित करने का प्रस्ताव बैठक के कार्यवृत्त में शामिल नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जल्द ही विरासत गलियारा का निर्माण कार्य पूर्ण कराकर उसको लोकार्पित कराया जायेगा। जर्जर विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाये।
बैंड वेलफेयर एसोसिएशन ने रात 10 बजे तक बैंड-डीजे संचालन और डीजे वाहनों की ऊंचाई-चौड़ाई निर्धारित करने की मांग की। इसके अलावा हुमायूंपुर में कल्याण मंडपम, पार्वतीपुरम में सीसी रोड, राम जानकी नगर और रामप्रीत चौक पर सड़क-नाला निर्माण तथा नॉर्मल परिसर में प्रस्तावित 60 दुकानों के व्यावसायिक परिसर का निर्माण शुरू कराने की मांग भी उठी। इस अवसर पर आशीष गुप्ता, राहुल गुप्ता सोनू, गौरी शंकर सरावगी, मदन अग्रहरि, दुर्गेश चौरसिया, अनिल सिंह, सौरभ कुमार सिंह, प्रवीण सिंह, राजीव पांडेय आदि मौजूद रहे।