जिले के दौरे पर आए सिंचाई मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को नलकूप कार्यालय परिसर में स्थित सिंचाई विभाग, नलकूप विभाग एवं नहर विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी पूरी मेहनत से अपने कार्य में लगें। अपने कार्यालय के साथ परिवार को भी पर्याप्त समय दें।
मंत्री ने सोमवार को विभाग के सभी कार्यालयों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से मुलाकात की तथा उनसे उनके कार्यालय में होने वाले कार्य के बारे में जानकारी ली। सिंचाई मंत्री ने कहा कि कर्मचारी अपने काम के साथ अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें। जब कर्मचारी स्वस्थ रहेगा तब ही वह बेहतर कार्य करेगा। इससे कार्यालय के साथ परिवार भी अच्छा चलेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता आलोक जैन, अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल प्रथम व द्वितीय, दिनेश सिंह व केके राय, अधीक्षण अभियंता नलकूप मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता नहर एके सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड 2 अधिशासी अभियंता नलकूप गौरव सिंह, अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड सहित विभाग के अन्य अभियंता मौजूद थे।