2016 में कबड्डी विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे कबड्डी खिलाड़ी धर्मराज चेरालाथमन का मानना है कि आज के ज्यादातर युवाओं की दिनचर्या को मोबाइल फोन ने बिगाड़ दिया है। युवा देर रात तक जगकर मोबाइल फोन चला रहे हैं। मोबाइल के कारण युवा न ही फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं और न ही खेल पर फोकस कर पा रहे हैं। बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्टाॅनिक गैजेट्स से दूरी बनानी होगी।
तमिलनाडु के किसान परिवार से निकले कबड्डी खिलाड़ी धर्मराज भारतीय टीम में सबसे अधिक उम्र तक कबड्डी खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वह 1997 से 2021 तक भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे। धर्मराज के कबड्डी का सफर स्कूल खेल से 12 वर्ष की उम्र से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1995 में तक स्टेट खेलने के बाद 1997 तक व नेशनल टीम का हिस्सा रहे। 1997 में उनका चयन भारतीय टीम में हो गया।