दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय इंटरनेशनल एलुमिनाई मीट का आयोजन 30 अप्रैल से होगा। विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर दो मई को कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर सीएम योगी आदित्यनाथ एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को विश्वविद्यालय के एलुमिनाई के तौर पर आमंत्रित करने की तैयारी है।
योजना के मुताबिक, पहले दिन उद्घाटन सत्र में गोरखपुर और आसपास के जिलों में रहने वाले एलुमिनाई को आमंत्रित किया जाएगा। दूसरे दिन एक मई का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा, जिसमें देश-विदेश के एलुमिनाई आयोजन से जुड़ेंगे। विदेश में रह रहे एलुमिनाई को जोड़ने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री को उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित करने की योजना विश्वविद्यालय प्रशासन ने बनाई है। दूसरे दिन के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में राजनाथ सिंह को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के एलुमिनाई सेल को सौंप दी गई है।
5000 एलुमिनाई को जोड़ने की योजना
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, एलुमिनाई मीट से करीब 5000 एलुमिनाई को जोड़ने की योजना बनाई गई है। विभागवार एलुमिनाई की सूची तैयार की जा रही है। सूची के साथ-साथ संपर्क कर उन्हें आमंत्रित करने के लिए विभागों को कहा गया है।
गोविवि के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने कहा कि कोरोना के चलते पिछले वर्ष अंतरराष्ट्रीय एलुमिनाई मीट का आयोजन नहीं हो सका। इस बार आयोजन की तैयारी चल रही है। देश-विदेश के एलुमिनाई को जोड़ा जाएगा। एलुमिनाई की सूची तैयार की जा रही है। उन्हें आमंत्रित करने की अनौपचारिक प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। कार्यक्रम की रूपरेखा तय होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विश्वविद्यालय के एलुमिनाई एवं देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया जाएगा।