गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक जून से 10 जुलाई तक समर इंटर्नशिप कार्यक्रम चलाया जाएगा। छह हफ्ते के इस इंटर्नशिप प्रोग्राम में एआई, आईओटी, ड्रोन, रोबोटिक्स 3डी प्रिंटिंग और एनसिस मॉडलिंग एंड सिमुलेशन पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। एमएमएमयूटी प्रशासन के मुताबिक, इंटर्नशिप प्राेग्राम में विश्वविद्यालय के साथ ही बाहर छात्र-छात्राएं भी प्रतिभाग कर सकेंगे।
इसके लिए डिप्लोमा, बीटेक, एमटेक, एमएससी के विद्यार्थी और पीएचडी के शोधार्थी अर्ह होंगे। इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू हो रही है। विद्यार्थी 15 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।
इंटर्नशिप प्रोग्राम के समन्वयक डॉ. राजकुमार सिंह व डॉ. श्वेता यादव ने बताया कि एआई, आईओटी, ड्रोन, रोबोटिक्स और 3डी जैसे कोर्स समय की मांग हैं। गर्मी की छुट्टियों में विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकेंगे। दूसरे शहरों में पढ़ने वाले गोरखपुर व आसपास के विद्यार्थी भी इसका लाभ उठा सकेंगे। बीटेक और पालिटेक्निक के विद्यार्थियों के साथ ही अन्य विषयों के छात्रों के लिए भी यह बेहद उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से विद्यार्थी कोई एक विषय चुन सकेंगे। प्रोग्राम के दौरान 75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। एक प्रोजेक्ट भी विद्यार्थियों को बनाना होगा। समापन अवसर पर विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। हर विधा में बेस्ट प्रोजेक्ट बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इंटर्नशिप प्रोग्राम के चेयरमैन प्रो. एसके सोनी ने बताया कि इसका उद्देश्य स्किल्ड मैनपावर तैयार करना है। इससे उद्योग जगत को न सिर्फ स्किल्ड युवा मिलेंगे बल्कि स्टार्टअप को भी बढ़ावा मिलेगा।