गोरखपुर। आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी की ओर से आयोजित इंटर एपीएस जूनियर बॉयज फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-15) क्लस्टर-5 के फाइनल मुकाबले में मेजबान आर्मी पब्लिक स्कूल, गोरखपुर ने जबलपुर को 8-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
फाइनल मैच में शुरुआत से ही गोरखपुर की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। सटीक पासिंग, बेहतरीन ड्रिब्लिंग और मजबूत रणनीति के दम पर टीम ने जबलपुर पर लगातार दबाव बनाए रखा। गोरखपुर के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक गोल दागे और मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
इस जीत के साथ गोरखपुर की टीम अब क्लस्टर-5 के द्वितीय चरण में राष्ट्रीय स्तर पर 14 से 16 मई तक क्लेमेनटाउन (उत्तराखंड) में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल डी. भट्टाचार्य (स्टाफ ऑफिसर) ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए। उन्होंने कहा कि खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि टीम वर्क और अनुशासन भी सीखने को मिलता है।
विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. विशाल त्रिपाठी, जिला फुटबॉल संघ के सचिव हमजा खान, कोच विकास कुमार, अंकित कुमार, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।