- जुलूस निकाल पहुंचे डीएम कार्यायल, सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। विभिन्न समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर अनुदेशकों ने बृहस्पतिवार को परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन उप्र के बैनर तले टाउन हाल स्थित गांधी प्रतिमा पर सत्याग्रह किया। इसके बाद पैदल जुलूस निकाल डीएम कार्यालय पहुंच मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती है तो 27 दिसंबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने 11 सूत्रीय मांगों पर चर्चा करते हुए कहा कि अधिकांश अनुदेशकों की उम्र सीमा 40 वर्ष पार कर चुकी है। ऐसे में नवीन शिक्षा नीति के अनुदेशकों को नियमित करना, नियमितीकरण होने तक तत्काल प्रभाव से 12 माह के लिए समान कार्य, समान वेतन की व्यवस्था लागू किया जाना और महिला अनुदेशकों का अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्राथमिकता के आधार पर करना उनकी प्रमुख मांगें हैं।
इसके लिए संगठन काफी समय से आंदोलनरत है। यदि 26 दिसंबर तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती है तो हम सभी 27 दिसंबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। सत्याग्रह व ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष रणंजय सिंह, अभिषेक राय, अजय शुक्ला, कुलदीप राय, आदर्श पांडेय, शिप्रा दुबे आदि शामिल रहे।