कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के परेवा गांव में 17 दिन पहले हुए मारपीट के मामले में अपराध का अल्पीकरण करने का मामला प्रकाश में आया है। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने पीड़ित की टूटी पसली की जगह सामान्य चोट की रिपोर्ट दे दी। जब दूसरी जगह एक्स-रे कराया गया तब फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पीड़ित की गुहार पर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विवेचना में सही एक्स-रे शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, परेवा गांव में 11 मई को खेत की गोड़ाई कर रहे चिंताराम की गांव के दबंगों ने पिटाई कर दी थी। इससे चिंताराम की पसली टूट गई। मुकामी पुलिस ने जय प्रकाश, चंद्र प्रकाश, हरिशंकर, अमित कुमार, विनीत, अवनीश सहित दो महिलाओं पर साधारण धाराओं में केस दर्ज कर चोट मुआयना के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल में पुलिस ने एक्स-रे कराया और जब रिपोर्ट थाने पहुंची तब पता चला कि कहीं कोई फ्रैक्चर नहीं है।
उधर, दर्द से कराहते चिंताराम ने जब प्राइवेट अस्पताल में फिर से एक्स-रे कराया तो डॉक्टर ने बताया कि दाहिनी तरफ की पसली टूटी है। पीड़ित ने कैली अस्पताल में अपना इलाज शुरू कर दिया, लेकिन फ्रैक्चर की पुष्टि के लिए 23 मई को चिंताराम की फिर से एक्स-रे एवं सीटी स्कैन हुआ जिसमें फ्रैक्चर एक बार फिर पुष्टि हुई ।
इससे नाराज चिंताराम ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शपथपत्र सहित शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने सीओ रुधौली को एक्स-रे की रिपोर्ट को विवेचना में शामिल कर वांछित धारा में आरोपियों को निरुद्ध करने के निर्देश दिए हैं।