- सोमवार को प्लांट, पिट कम्पोस्टिंग और एमआरएफ सेंटर समेत कई स्थलों का लेना होगा जायजा
- नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
गोरखपुर। नगरीय निकाय निदेशालय की टीम सोमवार को नगर निगम की विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी। एडिशनल डायरेक्टर वित्त अमित सिंह और अभय सिंह के नेतृत्व में टीम नगर निगम क्षेत्र में प्लांट, पिट कम्पोस्टिंग, शौचालयों, एमआरएफ सेंटर, राप्ती ईको पार्क, बड़े नाले-नालियों और वाहन वर्कशॉप का जायजा लेगी।
निरीक्षण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संबंधित अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त अजय जैन ने सफाई निरीक्षकों से अपने-अपने वार्डों में आने वाली संबंधित सुविधाओं का स्वयं निरीक्षण करने को कहा है।
उन्होंने निर्देश दिया है कि निरीक्षण के दौरान संबंधित सभी स्थल साफ-सुथरे मिलें और वहां की व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहे। सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन और अन्य सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।