गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने मंगलवार को राजेंद्र प्रसाद नगर में सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नाला व सड़क निर्माण और जलकल विभाग के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। रामपुर नया गांव में सफाई व्यवस्था काफी खराब मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। जगह-जगह कूड़े के ढेर पड़े मिले। नालियां और खाली प्लॉट भी कूड़े व प्लास्टिक से भरे पाए गए।
नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर को सख्त निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे के बाद सफाई कर्मचारियों की टीम बनाकर वार्ड की नालियों और खाली प्लॉटों की सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने रामपुर नया गांव में मुकेश गुप्ता के मकान से मिठाई निषाद के मकान तक और अन्य गलियों में चल रहे सीसी नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। भाटी विहार कॉलोनी की विभिन्न गलियों में साइड पटरी और सीसी नाली निर्माण कार्य भी देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को समय से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड के पार्षद धर्मदेव चौहान, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक पवन, अवर अभियंता अतुल कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।