गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़ चौकी में आने वाले जवाहर चक निवासी 40 वर्षीय हनुमान चौहान पुत्र अदालत चौहान चार अक्टूबर को अपने घर पर खड़े थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश में एक युवक सिर पर रॉड से हमला कर भाग गया। हनुमान की पत्नी लक्ष्मीना की तहरीर पर पुलिस जवाहर चक निवासी रोशन चौहान के खिलाफ केस दर्ज कर ली थी।
हमले में घायल हनुमान को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में इलाज के दौरान सोमवार को हनुमान की मौत हो गई। शव के घर पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने गोरखपुर खजनी मार्ग पर हरैया मोड़ के पास शव को सड़क पर रख प्रदर्शन करने लगे और जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ग्रामीणों को मनाने में जुट गई। आक्रोशित ग्रामीण धीरे धीरे नौसढ़ चौकी चौराहे पर पहुंच कर जाम कर दिए। इस दौरान कुछ ग्रामीण पथराव भी किए, जिससे मऊ डिपो की सरकारी बस का शीशा भी टूट गया। इसके बाद ग्रामीण नारेबाजी करने लगे।
ग्रामीण दोषियों पर कार्रवाई और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे से समझाने के बाद एसपी नार्थ के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव ने 48 घंटे के अन्दर आरोपित के गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने पिकअप में रख ली। इसी दौरान ग्रामीण बिना कार्रवाई के शव ले जाने पर नाराज हो गए। ग्रामीण और स्वजन शव को वाहन से उतारने लगे तो पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसको लेकर ग्रामीणों और पुलिस में हाथापाई की नौबत आ गई और ग्रामीणों से नोंकझोंक होने लगी।
मामला बढ़ता देख पुलिस बैकफुट आ गई और ग्रामीण गाड़ी से शव को नीचे उतार दुर्गा मंदिर के पास शव को सड़क पर रख बैठ गए।
ग्रामीणों के शव रख कर प्रदर्शन करने से चारों तरफ जाम लग गया।
सबसे पहले खजनी मार्ग पर जाम लगा। इसके बाद देखते ही देखते सहजनवा हाइवे भी जाम हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाराणसी हाइवे पर जाम के कारण बाघागाड़ा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण शहर से निकलना भी मुश्किल हो गया है ।