गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके के नौकायन के पास रविवार आधी रात मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हिस्ट्रीशीटर अमित को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद अमित को कोर्ट में पेश किया था। आरोपी को घायल होने के बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उपचार के बाद डॉक्टरों की सलाह पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल थाने के हिस्ट्रीशीटर खोराबार के मंझरिया निवासी अमित (26) के रविवार रात में वारदात करने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर जगत नारायण सिंह, दरोगा अक्षय मिश्रा टीम के साथ वाहनों की चेकिंग करने लगे थे।
रात में नौकायन के पास दो बदमाश बाइक से आते दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाश फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश करने लगे। खुद का बचाव करते हुए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पैर में गोली लगने से अमित घायल हो गया।
उसका साथी चिरई अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बचाव और घेराबंदी के दौरान सिपाही प्रवीण कुमार पांडेय और बबलू कुमार गिरकर घायल हो गए थे। आरोपी के पास से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, पांच कारतूस, तीन खोखा बरामद किया था। इंस्पेक्टर जगत नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
अमित पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एकट का केस दर्ज
इंस्पेक्टर जगत नारायण ने बताया कि आरोपित अमित पर 23 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। 9 लूट के और अन्य धाराओं में दर्ज हैं। वह शातिर किस्म का बदमाश है और थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस पर हमला करने के मामले में उस पर आर्म्स एक्ट, हत्या की कोशिश का केस भी दर्ज किया गया है।